भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लाइमलाइट की दुनिया से काफी दूर रहते हैं। उन्हें सोशल मीडिया पर छाने या फिर मीडिया में बने रहने की बिल्कुल भी आदत नहीं है। ना तो वह अक्सर पार्टियों में दिखाई देते हैं ना ही किसी इंटरव्यू में। इसके बाद भी महेंद्र सिंह धोनी अक्सर फैंस के दिलों में बने रहते हैं और कई बार उन्हें दरियादिली दिखाते हुए देखा गया है।
आईपीएल 2021 में उन पलों को कौन भूल सकता है जब धोनी ने CSK के लिए रोती बच्ची को मैच के बाद बॉल गिफ्ट में दी थी।वहीं मैदान के बाहर भी धोनी कुछ इसी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कुछ समय पहले एक खबर आई थी कि जब महेंद्र सिंह धोनी छोटे थे और अपने क्रिकेट मैदान के बाहर वाले दुकान पर फ्री में चने खाते थे। वह उस दुकान वाले के पैसे नहीं छुपाते थे। लेकिन जब महेंद्र सिंह धोनी के पास यह बात पहुंची और उन्हें अपने बचपन की बात याद आई तब उन्होंने एक ऐसा काम किया जिसको सुनकर आपकी आंखें नम हो जाएगी।
एम एस धोनी उसी चने के ठेले पर गए और 35 हजार रूपए रखकर चुपचाप चले गए। जिसके बाद चने वाले जिसका नाम भी महेन्द्र था उसने कहा, ‘ धोनी ने मुझे 35 हजार रुपए दिए उससे मेरी काफी मदद हो गई। खर्चा-पानी निकल जाता है मेरा। जब वो मुझे पैसे देकर गए तब पब्लिक भीड़ लगा दी कि महेंद्र जी पैसे गिनिए तब हम गिन दिए। उन्होंने कभी भी उधार चने नहीं खाए हमेशा पैसे देकर ही चने खाए थे।’
चने वाले ने आगे कहा, ‘ धोनी से मुझको जाकर मिलना चाहिए था लेकिन वो ही आकर मुझसे मिल गए मुझे बहुत खुशी है। वो जब चना खाते हैं तो मुझको याद करते हैं। धोनी बचपन से काफी ताकतवर थे उनके बाजू में इतनी ताकत थी कि एक बार उन्होंने सिक्स मारा तो वो टंकी पर चला गया था।’ मालूम हो कि जब थाला धोनी जब रांची कॉलेज के मैदान में खेलने आते थे तब इसी दुकान से चना खाया करते थे।