दिल्ली से मेरठ के बीच महज 50 मिनट में सफर पूरा होने का सपना साकार होने जा रहा है। देश की पहली रैपिड रेल का संचालन दुहाई डिपो में शुरू कर दिया गया है। एनसीआरटीसी अधिकारियों के मुताबिक यह ट्रायल से पहले का मेडन-रन है। रैपिड रेल का मुख्य ट्रायल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में किया जाएगा। रैपिड रेल का ट्रायल अक्तूबर 2022 में संभावित है। एनसीआरटीसी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर 51 सेकेंड का एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें रैपिड रेल दुहाई डिपो में 700 मीटर ट्रैक पर चलती हुई दिखाई दी। इसमें राष्ट्रीय राजधानी परिवहन क्षेत्र निगम (एनसीआरटीसी) के एमडी विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।
दिल्ली से मेरठ तक 82 किलोमीटर में रैपिड रेल का कार्य तेज गति से चल रहा है। मेरठ में परतापुर से लेकर बेगमपुल तक रैपिड रेल का कार्य दिखाई देने लगा है। वहीं, दिन-रात सुरंग निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। मेरठ में ब्रह्मपुरी स्टेशन से आगे भूमिगत ट्रैक बनाया जाएगा जो कि गांधीबाग पर जाकर खत्म होगा। मेरठ में तीन स्टेशन भूमिगत बनाए जाएंगे जिसमें मेरठ सेंट्रल, बेगमपुल, और भैंसाली बस अड्डा शामिल है। वहीं रैपिड रेल के ट्रैक पर ही मेरठ में मेट्रो का संचालन भी किया जाएगा।
मेरठ मेट्रो का संचालन मेरठ दक्षिण यानी मोहद्दीनपुर से लेकर मोदीपुरम तक किया जाएगा। मोदीपुरम में एक डिपो भी बनाया जाएगा। यहां पर रैपिड रेल का मेंटेनेंस किया जाएगा। साहिबाबाद से लेकर दुहाई तक पहला चरण मार्च 2023 में शुरू होने की संभावना है। वहीं 2024 के अंत तक मेरठ रैपिड रेल दौड़ने लगेगी।
दुहाई डिपो में इकलौते ग्राउंड स्टेशन का निर्माण पूरा
रैपिड रेल के प्राथमिकता खंड के दुहाई डिपो में निर्माणाधीन इकलौते ग्राउंड स्टेशन का निर्माण संबंधी काम लगभग पूरा हो गया है। 17 किमी लंबे पहले खंड में बने दुहाई डिपो स्टेशन में पटरियां बिछने के साथ प्लेटफार्म तैयार हो गया है। स्टेशन पर सिग्नल का काम जहां पूरा हो चुका है, वहीं दूसरी ओर प्लेटफार्म पर शेड डालने का कार्य शुरू हो गया है।
प्रमुख चार स्टेशनों का 75 फीसदी काम पूरा
रैपिड रेल के प्राथमिकता खंड के प्रमुख चार स्टेशन अब नजर आने लगे हैं। स्टेशनों का करीब 75 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो गया है। सितंबर के आखिर में ट्रायल रन को देखते हुए गुलधर, साहिबाबाद के बाद अब मेरठ रोड तिराहा स्टेशन पर प्लेटफार्म स्तर के बाद का काम शुरू हो गया है। साहिबाबाद और गुलधर स्टेशन में तो निर्माण संबंधी 95 फीसदी काम पूरा हो गया है।
प्लेटफार्म के शेड और फिनिशिंग संबंधी कार्य शुरू हो गया है। पहले खंड में अभी दुहाई स्टेशन का काम थोड़ा पीछे है लेकिन 24 घंटे शिफ्ट में चल रहे कार्य को देखते हुए लक्ष्य को समय के अंदर पूरा करने की प्रबल संभावनाएं दिख रही हैं। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स का कहना है कि दुहाई डिपो स्टेशन में प्लेटफार्म पर शेड लगाने का काम शुरू हो गया है। पहले खंड के बाकी स्टेशनों में काम एडवांस स्टेज में हैं।