गोरखपुर शहर में लोगों को जाम से मुक्ति दिलाकर सुगम यातायात की व्यवस्था के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर करीब 1541 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़कों के चौड़ीकरण से लेकर नए फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। सभी प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं और जल्द ही उन्हें स्वीकृति मिल जाने की उम्मीद है।
ऐसे खत्म होगा सड़कों से जाम
शहर के बीच में पैडलेगंज से लेकर बेतियाहाता चौराहा तक कसया रोड पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार प्रयास करने के बावजूद न तो अतिक्रमण दूर किया जा सका और न ही जाम से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई हो सकी। इस दूरी में डाक्टरों की क्लीनिक व अस्पताल हैं। मरीजों की भीड़ के कारण यहां लोगों का चलना मुश्किल है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पैडलेगंज से बेतियाहाता तक करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा बनाने में करीब 262 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से अधिकतर धनराशि मुआवजा देने में खर्च की जाएगी। बड़े पैमाने पर इस रोड पर तोड़फोड़ की जाएगी।
यहां बनेगा फोरलेन
इसी तरह रामगढ़ताल क्षेत्र में नौकायन से देवरिया बाईपास पर शिव मंदिर तक तथा वाणिज्यकर विभाग तक की सड़क को भी फोरलेन करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसपर करीब 72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज तक आने वाले लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए यहां सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया गया है। इसी के साथ इस फ्लाईओवर से देवरिया बाईपास रोड पर 436 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। दोनों योजनाओं पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
भटहट-बांसस्थान मार्ग होगा चौड़ा
सदर तहसील क्षेत्र के भटहट-बांसस्थान मार्ग पर आयुष विवि की स्थापना हो रही है। पूरे प्रदेश के आयुष महाविद्यालय इससे संबद्ध रहेंगे। सड़क पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देते हुए इसे भी चौड़ा किया जा रहा है। 11.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क को चौड़ा करने में करीब 658 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसमें भी अधिकतर धनराशि मुआवजे के भुगतान में देनी होगी।
शहर में सुगम यातायात के लिए सड़कों को चौड़ा करने एवं फ्लाईओवर बनाने की योजना है। तीन परियोजनाओं पर करीब 1500 करोड़ से अधिक खर्च किए जाएंगे। सभी प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं, जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। – कृष्णा करुणेश, जिलाधिकारी।
Note : तस्वीर काल्पनिक है।